सिटीन्यूज़ नॉउ
चंडीगढ़: मानसून की सक्रियता के चलते चंडीगढ़ और ट्राईसिटी क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश ने मौसम को पूरी तरह सुहाना बना दिया है। भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे लोगों को अब बड़ी राहत मिली है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी ताजा बुलेटिन के अनुसार, आने वाले पांच दिनों तक क्षेत्र में बादलों की आवाजाही और बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।
पिछले 24 घंटों के दौरान चंडीगढ़ शहर में 45.6 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई, जबकि एयरपोर्ट क्षेत्र में 58.0 मिमी बारिश दर्ज हुई। लगातार हो रही बारिश के कारण अधिकतम तापमान में उल्लेखनीय गिरावट आई है। शहर का अधिकतम तापमान सामान्य से 4.2 डिग्री सेल्सियस कम होकर 29.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 24.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जिससे रातें भी ठंडी और आरामदायक बनी हुई हैं। हवा में नमी का स्तर बढ़कर 98 प्रतिशत तक पहुंच गया है।
अगले पांच दिनों का पूर्वानुमान मौसम विभाग के अनुसार, 29 जुलाई को आंशिक रूप से बादल छाए रहें और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई। आज तापमान 24 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। वहीं 30 जुलाई से 2 अगस्त तक आसमान में घने बादल छाए रहने और कई इलाकों में लगातार बारिश होने की संभावना जताई गई है। इस दौरान अधिकतम तापमान 32 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा।
भारी बारिश को लेकर अलर्ट मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गयी है। प्रशासन ने जलभराव संभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। लोगों से अपील की गई है कि अनावश्यक यात्रा से बचें और घर से निकलते समय छाता या रेनकोट जरूर साथ रखें।

