सिटीन्यूज़ नॉउ
चंडीगढ़: सी.आर.बी. पब्लिक स्कूल, सेक्टर 7-बी, चंडीगढ़ में किंडरगार्टन से लेकर कक्षा आठवीं तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक वृक्षारोपण अभियान में भाग लिया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर के बाहर विभिन्न प्रकार के पौधे लगाए तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया। इस अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और हरियाली का संदेश भी दिया। विद्यालय के शिक्षकों ने विद्यार्थियों को पेड़ों के महत्व, पर्यावरण संतुलन में उनकी भूमिका तथा उनके संरक्षण की आवश्यकता के बारे में जागरूक किया।
इस अभियान का उद्देश्य बच्चों में प्रकृति के प्रति प्रेम, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा पर्यावरण संरक्षण की भावना विकसित करना था। विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती संगीता मित्तल एवं डायरेक्टर सर श्री नवीन कुमार मित्तल जी ने विद्यार्थियों को ऐसे सामाजिक एवं पर्यावरणीय कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने वृक्षों के महत्व, उनसे मिलने वाले स्वच्छ वायु, छाया, वर्षा तथा जीवन के लिए उनके अमूल्य योगदान के बारे में भी विस्तार से बताया।
स्कूल के डायरेक्टर नवीन मित्तल एवं प्रिंसिपल संगीता मित्तल ने बहुत से विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार के पौधों को वितरित किए । अंत में सभी विद्यार्थियों ने यह संकल्प लिया कि वे अपने अपने घरों के आस पास अधिक से अधिक पौधे लगाएंगे एवं उनकी नियमित देखभाल करेंगे तथा अन्य लोगों को भी वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करेंगे।
विद्यालय परिवार ने यह संदेश दिया कि “एक पेड़, अनेक जीवन”—यदि प्रत्येक व्यक्ति एक पौधा लगाकर उसकी जिम्मेदारी निभाए, तो धरती को हरा-भरा और प्रदूषणमुक्त बनाया जा सकता है। यह अभियान विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने की दिशा में एक सार्थक कदम है।

