सिटीन्यूज़ नॉउ
चंडीगढ: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) से संबद्धता के सात वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में यूटी क्रिकेट एसोसिएशन (यूटीसीए) ने शनिवार को सेक्टर-16 क्रिकेट स्टेडियम में पीजीआईएमईआर, चंडीगढ़ के ब्लड बैंक के सहयोग से रक्तदान शिविर का आयोजन किया। सामाजिक सरोकारों को समर्पित इस पहल में खिलाड़ियों, अधिकारियों, क्रिकेट प्रेमियों और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर में कुल 103 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया।
कार्यक्रम में चंडीगढ़ प्रशासन के खेल निदेशक सौरभ अरोड़ा मुख्य अतिथि तथा संयुक्त खेल निदेशक डॉ. महेंद्र सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने यूटीसीए की इस सामाजिक पहल की सराहना करते हुए रक्तदाताओं के सेवा भाव की प्रशंसा की।
रक्तदान करने वाले सभी दानदाताओं को प्रशंसा-पत्र एवं स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।इस अवसर पर यूटीसीए के सचिव हरि सिंह खुराना, सीईओ देवेंद्र शर्मा, एपेक्स काउंसिल सदस्य रविंदर सिंह बिल्ला सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
यूटीसीए के अध्यक्ष सारांश टंडन ने कहा कि एसोसिएशन क्रिकेट के विकास के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्व निभाने के लिए भी प्रतिबद्ध है। उन्होंने रक्तदाताओं, स्वयंसेवकों तथा पीजीआईएमईआर ब्लड बैंक की टीम का आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने के लिए आभार व्यक्त किया।

