सिटीन्यूज़ नॉउ
बद्दी(हिमाचल): युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) क्षेत्रीय निदेशालय, चंडीगढ़ एवं महाराजा अग्रसेन विश्वविद्यालय, बद्दी के संयुक्त तत्वावधान में ‘माई भारत-एनएसएस आउटरीच एवं इंटेंसिव रजिस्ट्रेशन ड्राइव’ का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को विकसित भारत@2047 के विजन से जोड़ना तथा अधिक से अधिक विद्यार्थियों का माई भारत पोर्टल पर पंजीकरण करवाकर राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ वंदे मातरम् एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। संसाधन व्यक्ति अंकुश निझावन ने बताया कि युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा 1 जुलाई से 15 अगस्त तक देशभर में माई भारत पोर्टल पर इंटेंसिव रजिस्ट्रेशन ड्राइव चलाया जा रहा है।
विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर प्रो. (डॉ.) पी.एस. वालिया ने युवाओं को राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति बताया। प्रो-चांसलर प्रो. (डॉ.) आर.के. गुप्ता ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व एवं नेतृत्व क्षमता विकसित करना भी है। कुलाधिपति सुरेश गुप्ता ने कहा कि विकसित भारत@2047 का सपना युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही साकार होगा।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने ‘नशा मुक्त भारत’ का डिजिटल संकल्प लिया और समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने की शपथ ली। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने माई भारत पोर्टल पर पंजीकरण भी कराया।
कार्यक्रम का संचालन एनएसएस कोऑर्डिनेटर डॉ. मीनाक्षी गिल ने किया। अंत में रजिस्ट्रार डॉ. पंकज नांगलिया ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, स्वयंसेवकों एवं विद्यार्थियों का धन्यवाद किया।

