सिटीन्यूज़ नॉउ
बद्दी(सोलन) : महाराजा अग्रसेन विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ लॉ की ओर से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सोलन के सहयोग से “नि:शुल्क कानूनी सहायता एवं मादक पदार्थों के दुरुपयोग” विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को उनके कानूनी अधिकारों तथा नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना था।कार्यक्रम की शुरुआत स्कूल ऑफ लॉ की निदेशिका प्रो. (डॉ.) ऋचा ने की। उन्होंने कहा कि नि:शुल्क कानूनी सहायता कानून के समक्ष समानता सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
मुख्य अतिथि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सोलन के सचिव प्रशांत सिंह नेगी ने समाज के जरूरतमंद वर्गों को उपलब्ध कराई जाने वाली नि:शुल्क कानूनी सहायता की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति भी जागरूक किया। इस दौरान विद्यार्थियों द्वारा लगाई गई चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया गया।कुलपति प्रो. (डॉ.) प्रदीप सिंह वालिया ने कहा कि न्याय पाने का अधिकार व्यक्ति की आर्थिक स्थिति पर निर्भर नहीं होना चाहिए।
चांसलर नामित सुरेश गुप्ता ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य युवाओं को जिम्मेदार और जागरूक नागरिक बनाना भी है।प्रो-चांसलर प्रो. (डॉ.) आर.के. गुप्ता ने कहा कि विद्यार्थियों को उनके कानूनी अधिकारों और जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना विश्वविद्यालय की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में ईएसआई परवाणू के डॉ. ललित वर्मा और सिविल अस्पताल बद्दी की काउंसलर अंजना शर्मा ने नशे के दुष्प्रभावों तथा एचआईवी और एड्स के संबंध में जानकारी दी। इस अवसर पर रजिस्ट्रार डॉ. पंकज नागलिया सहित शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

