सिटीन्यूज़ नॉउ
चंडीगढ़: ग्रासरूट क्रिकेट को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए गली क्रिकेट टूर्नामेंट के चार प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन यूटी क्रिकेट एसोसिएशन (यूटीसीए) की रेड बॉल घरेलू क्रिकेट टीम के लिए किया गया है। यह चयन सेक्टर-16 क्रिकेट स्टेडियम, चंडीगढ़ में आयोजित विशेष ट्रायल्स के बाद किया गया।
चयनित खिलाड़ियों में अंशुल पांडेय (टीम नंबर-101), कार्तिक चौधरी (टीम नंबर-212), ध्रुव घई (टीम नंबर-88) और कृष (टीम नंबर-65) शामिल हैं। तीन दिनों तक चले इन ट्रायल्स में गली क्रिकेट टूर्नामेंट के लगभग 40 बेहतरीन खिलाड़ियों को आमंत्रित किया गया था, जिनका यूटीसीए के चयनकर्ताओं के पैनल ने खेल के विभिन्न पहलुओं पर मूल्यांकन किया।गली क्रिकेट टूर्नामेंट के चेयरमैन संजय टंडन ने कहा, “गली क्रिकेट का उद्देश्य केवल खेल को जमीनी स्तर पर लोकप्रिय बनाना नहीं था, बल्कि शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देना भी था।
इन खिलाड़ियों का यूटीसीए की घरेलू टीम के लिए चयन इस पहल की सफलता को दर्शाता है और इससे अन्य युवा खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी।”गली क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन यूटी क्रिकेट एसोसिएशन और चंडीगढ़ पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से किया गया था। करीब दो सप्ताह तक चले इस टूर्नामेंट में लगभग 250 मैच खेले गए, जिनमें शहर के करीब 3,500 युवाओं ने भाग लिया। इस इवेंट की थीम बल्ला घुमाओ, नशा भगाओ थी।

