सिटीन्यूज़ नॉउ
चंडीगढ़: मरीजों और उनके तीमारदारों की सेवा के उद्देश्य से विश्वास फाउंडेशन ने गुरुदेव श्री स्वामी विश्वास जी के आशीर्वाद से पीजीआई चंडीगढ़ के बाहर विशाल लंगर लगाया। लंगर में दूर-दराज से उपचार के लिए पहुंचे मरीजों और उनके परिजनों सहित करीब 2000 लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
यह लंगर फाउंडेशन के अनुयायी राजिंदर गुलाटी और मंजुला गुलाटी ने अपने पुत्र दीपांश गुलाटी के विवाह के उपलक्ष्य में लगवाया। परिवार ने विवाह की खुशी को जरूरतमंदों की सेवा से जोड़ते हुए समाज के लिए सेवा और संवेदनशीलता का संदेश दिया।
विश्वास फाउंडेशन की अध्यक्ष साध्वी नीलिमा विश्वास ने कहा कि खुशियां बांटने से ही उनका महत्व बढ़ता है। उन्होंने कहा कि मरीजों और उनके तीमारदारों की सेवा मानवता की सच्ची सेवा है।
शुभ अवसरों पर जरूरतमंदों के लिए भोजन, दवाइयों या अन्य आवश्यक वस्तुओं की व्यवस्था करना समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का सार्थक माध्यम है। उन्होंने गुलाटी परिवार के प्रयास की सराहना करते हुए नवविवाहित जोड़े के सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की।
लंगर में कढ़ी, राजमाह, चावल, रोटी और हलवा परोसा गया। फाउंडेशन के सेवादारों ने स्वयं भोजन वितरित किया। इस अवसर पर विकास कालिया, दविंदर तुली, सुनीता तुली, सुनीता शर्मा, मधु खन्ना, जनक मुंजाल और अनिरुद्ध पठानिया सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

