सिटीन्यूज़ नॉउ
मंडी गोबिंदगढ़: देश भगत विश्वविद्यालय (डीबीयू) ने क्लस्टर विश्वविद्यालय श्रीनगर, राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (नाइलिट) तथा नेशंस डेवलपमेंट एसोसिएशन के सहयोग से अमर सिंह कॉलेज, श्रीनगर में 77वें राज्य स्तरीय मेगा रोजगार मेला-2026 आयोजित किया।
रोजगार मेले में जम्मू-कश्मीर के युवाओं के लिए 10 हजार से अधिक रोजगार अवसर उपलब्ध कराए गए।मेले का उद्घाटन जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने किया, जबकि समापन समारोह में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला मुख्य अतिथि रहे।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री सकीना इटू, डीबीयू के अध्यक्ष डॉ. संदीप सिंह, क्लस्टर विश्वविद्यालय श्रीनगर के कुलपति प्रो.मोहम्मद मोबीन तथा क्लस्टर विश्वविद्यालय जम्मू के कुलपति प्रो. के.एस. चंद्रशेखर भी मौजूद रहे।उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने डीबीयू की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे प्रदेश के युवाओं को देश की अग्रणी कंपनियों में रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे।
डीबीयू की सहायक निदेशक (प्लेसमेंट) पूजा कथूरिया ने बताया कि रोजगार मेले में 50 से अधिक राष्ट्रीय एवं बहुराष्ट्रीय कंपनियों ने भाग लिया। बैंकिंग, आईटी, हेल्थकेयर, मैन्युफैक्चरिंग, रिटेल, बीमा, शिक्षा, फार्मा, ई-कॉमर्स, हॉस्पिटैलिटी और विदेश रोजगार सहित विभिन्न क्षेत्रों में भर्ती की गई। अधिकतम वार्षिक वेतन पैकेज 12 लाख रुपये तक रहा।
डीबीयू के अध्यक्ष डॉ. संदीप सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय पिछले तीन दशक से जम्मू-कश्मीर के विद्यार्थियों के साथ जुड़ा है। यह रोजगार मेला विश्वविद्यालय की सीएसआर पहल का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य युवाओं को उनके अपने क्षेत्र में बेहतर रोजगार उपलब्ध कराना और उद्योग-शिक्षा के बीच मजबूत सेतु तैयार करना है।

