सिटीन्यूज़ नॉउ
चंडीगढ़: मंगलवार को ‘विश्व हेपेटाइटिस दिवस’ के अवसर पर, मैक्स सुपर स्पेशलिटी अस्पताल, मोहाली ने लिवर की बीमारियों के खतरे को कम करने के लिए हेपेटाइटिस के प्रति जागरूकता, समय पर जांच और टीकाकरण के महत्व पर जोर दिया। अस्पताल के विशेषज्ञों ने इस बात पर बल दिया कि शुरुआती निदान (जांच) और सही समय पर इलाज से लिवर सिरोसिस और लिवर कैंसर जैसी गंभीर जटिलताओं से बचा जा सकता है।
गैस्ट्रोएंटरोलॉजी के एसोसिएट डायरेक्टर डॉ. मुकेश राठौर ने कहा कि हेपेटाइटिस को अक्सर एक ‘साइलेंट डिसीज’ कहा जाता है क्योंकि जब तक लिवर को भारी नुकसान नहीं पहुंच जाता, तब तक कई लोगों को इस संक्रमण का पता ही नहीं चलता।उन्होंने बताया कि जोखिम वाले व्यक्तियों की नियमित जांच, हेपेटाइटिस बी का समय पर टीकाकरण, स्वच्छता बनाए रखना, और असुरक्षित इंजेक्शन व दूषित खून के संपर्क से बचना इसके जरूरी बचाव उपाय हैं।
उन्होंने सलाह दी कि शुरुआती जांच से समय पर इलाज संभव हो पाता है और लिवर सिरोसिस व लिवर कैंसर जैसी लंबी अवधि की लिवर की जटिलताओं का खतरा काफी हद तक कम हो जाता है।

