सिटीन्यूज़ नॉउ
चंडीगढ़: विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर तथा भीषण गर्मी के कारण अस्पतालों में रक्त की कमी को पूरा करने के उद्देश्य से विश्वास फाउंडेशन ने गुरुदेव श्री स्वामी विश्वास जी के आशीर्वाद से ट्राईसिटी (चंडीगढ़, पंचकूला, मोहाली और जीरकपुर) में चार रक्तदान शिविर आयोजित किए। इन शिविरों में कुल 164 यूनिट रक्त एकत्र किया गया। आयोजन में इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी की चंडीगढ़, पंचकूला और मोहाली शाखाओं ने महत्वपूर्ण सहयोग दिया।
विश्वास फाउंडेशन की अध्यक्ष साध्वी नीलिमा विश्वास ने बताया कि पहला शिविर बीकेएम विश्वास स्कूल, सेक्टर-9 पंचकूला में आयोजित किया गया, जिसका उद्घाटन मेयर शाम लाल बंसल ने किया। पीजीआई चंडीगढ़ की टीम ने यहां 71 यूनिट रक्त एकत्र किया।दूसरा शिविर कार्तिक रेस्टोरेंट के सहयोग से सेक्टर-15डी चंडीगढ़ में लगाया गया। इसका उद्घाटन पी. गुणा सेकरण ने किया। इंडस अस्पताल डेराबस्सी की टीम ने यहां 28 यूनिट रक्त संग्रहित किया।
इस अवसर पर रेडक्रॉस यूटी चंडीगढ़ ने रक्तदाताओं को प्रशंसा पत्र प्रदान किए। तीसरा शिविर मेट्रो स्टोर के बाहर आयोजित हुआ, जिसका उद्घाटन जीएसटी चंडीगढ़ ज़ोन की जॉइंट कमिश्नर स्वाती मल्होत्रा ने किया। उन्होंने स्वयं भी रक्तदान किया। एम केयर ब्लड सेंटर जीरकपुर की टीम ने यहां 25 यूनिट रक्त एकत्र किया। चौथा शिविर एयरोसिटी, मोहाली स्थित एरो आर्केड के सामने आयोजित किया गया। इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी मोहाली के सचिव हरबंस सिंह ने इसका उद्घाटन किया। पंचकूला चैरिटेबल ट्रस्ट के ब्लड बैंक ने यहां 40 यूनिट रक्त एकत्र किया। सभी रक्तदाताओं को प्रशंसा पत्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया।

