सिटीन्यूज़ नॉउ
अमृतसर: गुरु नानक देव विश्वविद्यालय ने वाइस चांसलर डॉ. करमजीत सिंह के नेतृत्व में संयुक्त प्रवेश परीक्षा-2026 का सफल आयोजन किया। विश्वविद्यालय द्वारा 10 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित इस परीक्षा में कुल 2677 विद्यार्थियों ने भाग लिया। परीक्षा विज्ञान, इंजीनियरिंग और प्रोफेशनल पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आयोजित की गई।
प्रवेश परीक्षा के माध्यम से एमएससी बॉटनी, केमिस्ट्री, एनवायरनमेंटल साइंस, फूड टेक्नोलॉजी, ह्यूमन जेनेटिक्स, मैथेमेटिक्स, माइक्रोबायोलॉजी, फिजिक्स, जूलॉजी सहित एग्रीकल्चर, फार्मेसी, कंप्यूटर इंजीनियरिंग, टेक्सटाइल प्रोसेसिंग टेक्नोलॉजी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड रोबोटिक्स इंजीनियरिंग तथा अर्बन एंड रीजनल प्लानिंग जैसे विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिया जाएगा।
परीक्षा का संचालन प्रो. अमन महाजन (कोऑर्डिनेटर) और डॉ. सचिन कुमार (डिप्टी कोऑर्डिनेटर) की देखरेख में हुआ। विश्वविद्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार परीक्षा परिणाम आधिकारिक वेबसाइट और प्रवेश पोर्टल पर जारी कर दिए गए हैं। अभ्यर्थी अपनी आईडी और पासवर्ड के माध्यम से परिणाम देख सकते हैं। परीक्षा आधारित प्रवेश के लिए काउंसलिंग 3 जुलाई 2026 से गुरु नानक भवन में शुरू होगी। सभी अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि पर अपने मूल दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।

