सिटीन्यूज़ नॉउ
पंचकुला: हरियाणा सरकार ने बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान (एफएलएन) को मजबूत करने के लिए 8,600 से अधिक सरकारी विद्यालयों में अत्याधुनिक डिजिटल लर्निंग मॉनिटरिंग सिस्टम लागू किया है। ‘निपुण हरियाणा’ के तहत विकसित यह प्रणाली शिक्षकों और मेंटर्स को विद्यार्थियों की सीखने की प्रगति का रियल-टाइम आकलन करने में सक्षम बना रही है।
इस प्रणाली के तहत शिक्षक निपुण हरियाणा टीचर ऐप के माध्यम से विद्यार्थियों के लर्निंग स्तर का रिकॉर्ड दर्ज करते हैं, जबकि ब्लॉक स्तर के मेंटर विद्यालयों में पहुंचकर स्वतंत्र मूल्यांकन करते हैं। दोनों स्रोतों से प्राप्त आंकड़े तुरंत जिला एवं राज्य स्तर के डैशबोर्ड पर उपलब्ध हो जाते हैं, जिससे सीखने में पिछड़ रहे विद्यार्थियों की पहचान कर समय पर सहायता प्रदान की जा सकती है।राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 और निपुण भारत मिशन के अनुरूप शुरू किए गए निपुण हरियाणा मिशन ने पिछले पांच वर्षों में शिक्षा प्रशासन को डेटा आधारित बनाया है।
राज्य में करीब 3.5 लाख विद्यार्थियों को इस प्रणाली का लाभ मिल रहा है।सरकारी आंकड़ों और स्वतंत्र अध्ययनों के अनुसार 70 से 75 प्रतिशत विद्यार्थी अब अपनी कक्षा के अनुरूप सीखने के लक्ष्यों को प्राप्त कर रहे हैं। अधिकारियों का मानना है कि शिक्षकों के प्रशिक्षण, संसाधनों में निवेश और रियल-टाइम निगरानी ने इस उपलब्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

